ट्रैफिक सिग्नल पर चेतन भगत को बेचा उनकी किताब का पाइरेटेड वर्जन, लेखक ने शेयर किया मजेदार वीडियो

मशहूर लेखक चेतन भगत (Chetan Bhagat) दिल्ली में एक ट्रैफिक सिग्नल पर रुके थे। वहां उन्हें किताबें बेचते हुए एक लड़का दिखा। उन्होंने अपनी किताब खरीदने के लिए उसे बुलाया, फिर आगे क्या हुआ, देखिए यह वीडियो...

चेतन भगत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। (फोटो- वीडियो ग्रैब)

मशहूर लेखक चेतन भगत (Chetan Bhagat) ‘5 पॉइंट सम वन’, ‘थ्री मिस्टेक्स ऑफ माय लाइफ’, ‘टू स्टेट्स’, ‘वन नाइट एट द कॉल सेंटर’, ‘हाफ गर्लफ्रेंड’, ‘द गर्ल इन रूम 105’ जैसी कई दमदार किताबें लिख चुके हैं। बीते बुधवार को वह दिल्ली में थे। चेतन ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें ट्रैफिक सिग्नल पर किताबें बेच रहा एक लड़का उन्हें उनकी बुक का पाइरेटेड एडिशन बेच देता है।

चेतन भगत कार में बैठे हुए हैं। वह कार का शीशा नीचे करते हैं और किताबें बेच रहे लड़के से पूछते हैं, ‘चेतन भगत है?’ वह लड़का हां में जवाब देता है। इसके बाद लेखक उससे पूछते हैं, ‘अच्छी है कोई चेतन भगत की?’ लड़का कहता है कि नई वाली आई है। लेखक पूछते हैं, ‘कैसा ये लिखता है, ठीक लिखता है?’ लड़का जवाब देता है, ‘बहुत अच्छी बिकती है सर।’

चेतन भगत ने यह वीडियो शेयर किया है…

चेतन भगत आगे कहते हैं, ‘ये असली वाली है कि नकली है?’ लड़का जवाब देता है कि ये ऑनलाइन का कॉपी है। लेखक कहते हैं, ‘ऑनलाइन की कॉपी तो नकली है। ठीक है ये कोई राइटर। किसी काम का है।’ जिसके बाद चेतन भगत उसे सरप्राइज देते हुए कहते हैं कि वह ही चेतन भगत हैं। लड़का यह जानकर हैरान रह जाता है और मुस्कुराने लगता है। चेतन उससे हाथ मिलाते हैं और उसका नाम पूछते हैं।

किताबें बेच रहे लड़के का नाम सूरज है। बुक सेलिंग के लिए चेतन भगत उसका शुक्रिया अदा करते हैं। सूरज उन्हें बताता है कि उनकी यह किताब बहुत बिकी है। इससे पहले मशहूर लेखक पॉलो कोएल्हो ने भी पाइरेटेड बुक बेचने वाले एक लड़के की तस्वीर शेयर की थी। उन्होंने लिखा था, ‘लोग इसे पाइरेट एडिशन कहेंगे, लेकिन मेरे लिए ये एक सम्मान है। ये इस लड़के की पैसा कमाने की ईमानदार कोशिश है।’

चेतन भगत की इन किताबों पर बन चुकी हैं फिल्में

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।