सपना चौधरी के गाने पर लड़की ने डीटीसी बस में बनाया डांस वीडियो, जा सकती है 3 लोगों की नौकरी

सपना चौधरी (Sapna Choudhary) के गाने 'तेरा आंख्या का यो काजल' पर एक लड़की ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बस में डांस वीडियो बनाया। वीडियो में ड्राइवर, कंडक्टर और मार्शल नजर आ रहे हैं।

लड़की के साथ वीडियो में नजर आ रहा डीटीसी बस का मार्शल। (फोटो- वीडियो ग्रैब)

एक लड़की का डांस वीडियो दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के तीन पुरुष स्टाफ को कितना महंगा पड़ सकता है, इसका अंदाजा शायद उन्हें भी नहीं रहा होगा। लड़की ने सपना चौधरी (Sapna Choudhary) के गाने ‘तेरा आंख्या का यो काजल’ पर डीटीसी बस में डांस वीडियो बनाया। वीडियो में ड्राइवर, कंडक्टर और मार्शल भी नजर आ रहे हैं। जिसके बाद तीनों की नौकरी पर खतरा मंडरा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला दिल्ली के जनकपुरी इलाके का है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो 12 जुलाई को बनाया गया था। डीटीसी की हरिनगर डिपो-2 की बस में एक लड़की ने अपना डांस वीडियो बनाया। वीडियो में चालक, परिचालक और सुरक्षाकर्मी नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही परिवहन विभाग ने ड्राइवर को निलंबित कर दिया है। कंडक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और मार्शल को वर्तमान तैनाती से हटाते हुए सिविल डिफेंस भेज दिया गया है। विभाग ने मार्शल के खिलाफ सिविल डिफेंस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

इस मामले में परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभाग के तीनों कर्मियों के खिलाफ अनुशासनहीनता के चलते कार्रवाई की गई है। उन्हें पता चला है कि ड्राइवर 12 जुलाई को बस को अपने रूट पर जाने के बजाय जनकपुरी के सी-2 बी ब्लॉक में ले गया था। यह सरासर नियमों के खिलाफ था। रूट बदलने का अधिकार बस ड्राइवर को नहीं होता है। ऐसा विशेष परिस्थिति में ही किया जा सकता है। ड्राइवर ने बस को दिल्ली जल बोर्ड के दफ्तर के पास खड़ा किया, जहां इस वीडियो को बनाया गया। लड़की और वीडियो बनाने वाले शख्स की ओर से अभी इस बारे में कोई बयान नहीं आया है।

विद्या बालन ने TikTok वीडियो में बताए ‘देवी के अवतार

लड़की के इस डांस वीडियो पर हुआ बवाल…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।