Hindi Diwas 2019: आज मनाया जा रहा है हिंदी दिवस, पीएम नरेंद्र मोदी सहित तमाम हस्तियों ने दी बधाई

Hindi Diwas 2019: हर साल 14 सितंबर को 'हिंदी दिवस' मनाया जाता है। आज सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में हिंदी भाषा से जुड़े तमाम कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। जानिए, क्यों मनाया जाता है 'हिंदी दिवस' और क्या है इसका महत्व और इतिहास?

हिंदी दिवस हर साल 14 सितंबर को मनाया जाता है। (फोटो- सोशल मीडिया)

हिंदी भाषा को विश्व की सबसे प्राचीन भाषा माना जाता है। इस भाषा का इतिहास करीब एक हजार साल पुराना माना गया है। कई विद्वानों का मानना है कि शुरूआत में हिंदी शब्द का प्रयोग विदेशी मुस्लिमों ने किया था। इस शब्द से उनका मतलब भारतीय भाषा से था। हर साल 14 सितंबर को ‘हिंदी दिवस’ (Hindi Diwas 2019) मनाया जाता है।

आज भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के कई देशों में हिंदी भाषा बोली जाती है। कई रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐसा माना गया है कि हिंदी दुनिया में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली तीसरी लैंग्वेज है। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi), गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) सहित राजनीति और अन्य क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियों ने देशवासियों को ‘हिंदी दिवस’ की बधाई दी है।

साल 1953 से हर साल 14 सितंबर को ‘हिंदी दिवस’ मनाया जाता है। दरअसल 14 सितंबर 1949 को ही संविधान सभा में हिंदी को राजभाषा बनाने का फैसला किया गया था। हिंदी को राजभाषा घोषित किए जाने पर काफी लोगों ने इसका विरोध करना भी शुरू कर दिया, जिसके बाद अंग्रेजी को भी राजभाषा बनाया गया।

इस वजह से मनाते हैं ‘हिंदी दिवस’

इस दिवस को मनाने के पीछे इस भाषा का पिछड़ापन भी एक बड़ी वजह है। कई वर्षों तक अंग्रेजों के गुलाम रह चुके हमारे देश में हिंदी भी गुलाम रही थी। हिंदी बोलने वालों को पिछड़ा और अंग्रेजी बोलने वालों को सम्मान भरी नजरों से देखा जाता था, हालांकि हिंदी आज भी इस स्थिति से लड़ रही है।

‘हिंदी दिवस’ पर स्कूल-कॉलेजों में होते हैं कार्यक्रम

‘हिंदी दिवस’ मनाए जाने की एक वजह यह भी थी कि लोगों को याद रहे कि यह हमारी राजभाषा है। हिंदी का प्रचार-प्रसार करना, इसके बल पर इस भाषा का विकास करना और राजभाषा का सम्मान करना हर भारतीय का कर्तव्य है। इस दिन स्कूल, कॉलेजों में तरह-तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। सरकारी दफ्तरों में भी ‘हिंदी दिवस’ मनाया जाता है। हिंदी के विकास को लेकर दफ्तरों में प्रतिबद्ध अधीनस्थों को सम्मानित किया जाता है।

दुनिया में बढ़ रहा है हिंदी भाषा का कद

आज भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर में हिंदी भाषा का कद बढ़ता ही जा रहा है। तमाम विदेशी कंपनियां हिंदी का महत्व समझ रही हैं और अपने सिस्टम को इस भाषा के अनुरूप ढाल रही हैं। दुनिया का नंबर 1 सर्च इंजन ‘गूगल’ हिंदी कंटेंट को बढ़ावा दे रहा है। इंटरनेट पर हिंदी में खबरें पढ़ने वाले पाठकों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। दुनिया की कई यूनिवर्सिटीज़ में हिंदी भाषा पढ़ाई जाने लगी है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर देशवासियों को ‘हिंदी दिवस‘ की बधाई दी है…

गृह मंत्री अमित शाह ने भी ‘हिंदी दिवस’ की बधाई दी…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।