होली 2019: बॉलीवुड के इन गानों के बिना अधूरा है रंगों का त्योहार, जल्दी से अपडेट कर लीजिए फोन की प्लेलिस्ट

रंगों के त्योहार होली का खुमार लोगों पर चढ़ने लगा है। जगह-जगह होली की तैयारियां शुरू हो गई हैं। होली का त्योहार हो और म्यूजिक न हो, ऐसा तो ही नहीं सकता। अगर इस होली को आप बोरिंग नहीं बनाना चाहते हैं तो जल्दी से अपने फोन की प्लेलिस्ट में एड कीजिए ये 7 गाने।

रंगों का त्योहार होली इस बार 21 मार्च को है। (फोटो- ट्विटर)

रंगों का त्योहार होली अपनी विविधता की वजह से बेहद अनूठा त्योहार है। खासकर उत्तर भारत के राज्यों में यह बेहद धूमधाम से मनाया जाता है। देशभर में इस बार 21 तारीख को होली मनाई जाएगी। होली का जिस तरह से पकवानों से गहरा नाता है, ठीक उसी तरह बगैर संगीत होली का मजा अधूरा है। अगर आपके फोन में होली के ये 7 गाने नहीं हैं तो देर किस बात की, जल्दी से इन गानों को डाउनलोड कर अपनी प्लेलिस्ट अपडेट करें और अपनों के साथ होली के त्योहार का भरपूर आनंद उठाएं। ये हैं वो 7 गाने जो होली पर किसी को भी थिरकने पर मजबूर कर देंगे।

1- होली के दिन दिल मिल जाते हैं…शोले (1975)

अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, जया बच्चन और हेमा मालिनी की फिल्म ‘शोले’ हिंदी सिनेमा की आत्मा है। इस फिल्म से जुड़े तमाम रिकॉर्ड शायद ही कोई बॉलीवुड फिल्म तोड़ पाए। रंगों के त्योहार होली में दोस्तों और दुश्मनों के दिलों को मिलाने वाला इस फिल्म का गाना ‘होली के दिन दिल मिल जाते हैं’ इस त्योहार की जान है। इस गाने को किशोर कुमार और लता मंगेशकर ने गाया था। होली का मजा इस गाने के बगैर अधूरा है।

2- आज ना छोड़ेंगे बस हमजोली, खेलेंगे हम होली…कटी पतंग (1980)

राजेश खन्ना और आशा पारेख की फिल्म ‘कटी पतंग’ अपने समय की सुपरहिट फिल्म थी। खासकर होली जैसे त्योहार पर इस फिल्म के गाने ‘आज ना छोड़ेंगे बस हमजोली, खेलेंगे हम होली’ को तो पूरे दिल से याद किया जाता है। गाने में राजेश खन्ना और आशा पारेख की केमिस्ट्री कमाल की दिखी है। जल्दी से इस गाने को डाउनलोड कीजिए और अपनी महफिल के हीरो बन जाइए।

3- रंग बरसे भीगे चुनर वाली…सिलसिला (1981)

होली का त्योहार हो और अमिताभ बच्चन, जया बच्चन और रेखा की फिल्म ‘सिलसिला’ का गाना ‘रंग बरसे भीगे चुनर वाली’ न बजे, ऐसा तो हरगिज मुमकिन नहीं। यह गाना होली के उन गीतों में आता है, जो एक तरह से किसी पार्टी की जान होते हैं। इस गाने को सुन हर लड़के के भीतर का अमिताभ बच्चन बाहर आ जाता है तो हर लड़की खुद में रेखा और जया बच्चन को ढूंढने लगती है। जल्दी से इस गाने को अपनी प्लेलिस्ट में शामिल कीजिए और आप भी रंगों के इस त्योहार का भरपूर मजा लीजिए।

4- होली खेले रघुवीरा अवध में… बागबान (2003)

फिल्म बागबान साल 2003 में रिलीज हुई थी। अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी पर फिल्माया गया गाना ‘होली खेले रघुवीरा अवध में’ काफी हिट रहा था। फिल्म में अमिताभ और हेमा मालिनी पति-पत्नी के किरदार में थे। उनका पूरा परिवार गाने में दिखा था। मजेदार बात यह है कि इस सुपरहिट गाने को खुद सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने गाया था।

5- डू मी अ फेवर लेट्स प्ले होली…वक्त (2005)

अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा की फिल्म ‘वक्त’ का यह गाना होली पर जबरदस्त डांस की गारंटी देता है। अनु मलिक और सुनिधि चौहान ने इस गाने को गाया था और समीर ने इस गाने को लिखा था। यह गाना होली पर होने वाले सभी इवेंट्स की जान है। अगर आपके फोन में यह गाना नहीं है तो जल्द इसे डाउनलोड कीजिए और 21 मार्च का इंतजार कीजिए।

6- बलम पिचकारी…ये जवानी है दीवानी (2013)

रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण, आदित्य रॉय कपूर और कल्कि कोचलिन की फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ का गाना ‘बलम पिचकारी’ होली के लेटेस्ट गानों की फेहरिस्त में टॉप पर है। होली के मौके पर युवाओं की पसंद की बात करें तो भी इस गाने के आसपास कोई दूसरा गाना नहीं है।

7- गो पागल…जॉली एलएलबी 2 (2017)

अक्षय कुमार, हुमा कुरैशी की फिल्म ‘जॉली एलएलबी 2’ का गाना ‘गो पागल’ होली के मौसम का परफेक्ट गाना है। दमदार बीट्स और बास पर तैयार किया गया यह गाना रंगों के इस त्योहार को बेहद जवां बनाता है। अक्षय और हुमा के डांस स्टेप्स इस गाने को और भी दमदार बनाते हैं। जल्दी से इस गाने को अपने फोन में डाउनलोड कीजिए और होली पर डांसिंग माहौल बनाने के लिए तैयार हो जाइए।

‘बिग बॉस’ के एक्स कंटेस्टेंट करणवीर बोहरा की बेटी बेला और विएना ने कुछ ऐसे मनाई होली…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।