Kumbh Mela 2019: प्रयागराज में पहले शाही स्नान से हुई कुंभ मेले की शुरूआत, देखिए संगम नगरी से सीधा LIVE

Kumbh Mela 2019: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (पूर्व इलाहाबाद) में आज से कुंभ की शुरूआत हो गई है। आज पहला शाही स्नान (Shahi Snan) है। इस मौके पर कई अखाड़े के साधु-संतों ने संगम तट पर आस्था की डुबकी लगाई।

Kumbh Mela 2019: प्रयागराज में आज से शुरू हुआ कुंभ मेला अगले 50 दिनों तक चलेगा।

Kumbh Mela 2019: अगले 50 दिनों तक चलने वाले कुंभ मेले की आज से शुरूआत हो गई है। मकर संक्रांति (Makar Sankranti 2019) के शुभ अवसर पर आज पहला शाही स्नान (Shahi Snan) है। सबसे पहले श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के साधु-संतों ने संगम तट पर शाही स्नान किया। इसके बाद श्री पंचायती अटल अखाड़ा, तपोनिधि श्री पंचायती आनंद अखाड़ा, श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा, श्री शंभू पंच अग्नि अखाड़ा, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा और श्री पंच दशनाम आवाहन अखाड़ा के संतों ने शाही स्नान किया।

आज सुबह 5 बजे से ही साधु-संतों का काफिला संगम तट तक जाने के लिए तैयारियों में जुट गया था। सबसे पहले श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के साधु-संत त्रिवेणी पर पहुंचे और शाही स्नान (Shahi Snan) किया। स्नान के बाद संतों ने एक दूसरे के शरीर पर भस्म लगाई और वहां पहुंचे श्रद्धालुओं को करतब दिखाए। समयानुसार सभी अखाड़ों के संतों ने अपने-अपने तय समय पर आकर शाही स्नान किया और भगवान को धन्यवाद कहा। दोपहर तक लगभग-लगभग सभी अखाड़ों के संत शाही स्नान कर चुके होंगे और उसके बाद आम श्रद्धालु संगम तट पर आस्था की डुबकी लगाएंगे।

इस बार कुल 6 शाही स्नान होंगे

बताते चलें कि इस बार कुंभ मेले (Kumbh Mela 2019) में कुल 6 शाही स्नान (Shahi Snan) होंगे। पहला स्नान आज मकर संक्रांति (15 जनवरी) पर है। दूसरा शाही स्नान (Shahi Snan) पौष पूर्णिमा (21 जनवरी) को, तीसरा मौनी अमावस्या (4 फरवरी) को, चौथा बसंत पंचमी (10 फरवरी) को, पांचवां माघी पूर्णिमा (19 फरवरी) को और छठा महाशिवरात्रि (4 मार्च) को होगा। इसी दिन कुंभ मेले का समापन होगा। इस बार शहर में 45 किलोमीटर का दायरा कुंभ मेले के लिए निर्धारित किया गया है।

श्रद्धालुओं के लिए 800 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं

श्रद्धालुओं के लिए तमाम तरह की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। करीब 600 रसोईघर बनाए गए हैं। प्रयागराज में 48 मिल्क बूथ बनाए गए हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों में करीब 200 नए एटीएम लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं को वाई-वाई की सुविधा भी मुहैया कराई गई है, इसके लिए करीब 4 हजार हॉट स्पॉट पॉइंट्स बनाए गए हैं। प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं के लिए देशभर में 800 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं। सूबे में 300 किलोमीटर सड़क बनाई गई है। शहर में करीब सवा लाख बायो टॉयलेट बनाए गए हैं। पार्किंग एरिया में करीब 5 लाख गाड़ियों को पार्क करने की व्यवस्था भी की गई है।

यहां क्लिक कर देखिए संगम नगरी प्रयागराज से सीधा LIVE…

देखें कुंभ मेले की तस्वीरें और वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।