21 साल की उम्र में अरबपति बनीं टीवी स्टार काइली जेनर, फेसबुक के मार्क जकरबर्ग को कुछ यूं पछाड़ा

'अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस' से पहले टीवी स्टार काइली जेनर के लिए खुशखबरी है। उन्होंने सबसे कम उम्र में अरबपति होने के मामले में फेसबुक के संस्थापक मार्क जकरबर्ग को पछाड़ दिया है। दरअसल 21 साल की उम्र में काइली दुनिया की सबसे युवा अरबपति बन गईं हैं।

21 साल की टीवी स्टार काइली जेनर कॉस्मेटिक कंपनी 'काइली कॉस्मेटिक्स' की मालकिन हैं। (फोटो- इंस्टाग्राम)

दुनिया की सबसे कम उम्र की अरबपति महिला का खिताब अब 21 साल की टीवी स्टार और सेल्फ मेड महिला काइली जेनर के नाम हो गया है। 2018-19 की ‘फोर्ब्स बिलियनेयर्स लिस्ट’ में उनका नाम है और उन्होंने सबसे कम में अरबपति होने के मामले में फेसबुक के संस्थापक मार्क जकरबर्ग को पछाड़ दिया है। मार्क 23 साल की उम्र में यह खिताब हासिल कर पाए थे। यह खबर इसलिए भी खास हो जाती है क्योंकि ‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस’ से एक दिन पहले 21 साल की महिला ने उस लिस्ट में अपना नाम तराशा है जिसमें अपना नाम देखने के लिए कई दिग्गज कारोबारियों की आंखें तक पथरा जाती हैं।

टीवी रियलिटी स्टार काइली जेनर एक कॉस्मेटिक कंपनी की मालकिन हैं। उनकी कंपनी का नाम ‘काइली कॉस्मेटिक्स’ है। यह कंपनी उन्होंने साल 2016 में शुरू की थी। पिछले साल 360 मिलियन डॉलर की कमाई के साथ उनकी कंपनी शीर्ष पर है। इस समय कंपनी की वैल्यू करीब 90 करोड़ अमेरिकी डॉलर है। काइली के ब्यूटी प्रोडक्ट्स की मांग कई देशों में है। हॉलीवुड के कई सितारे काइली के कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। काइली अपने ब्रांड के प्रोडक्ट्स को सोशल मीडिया से लेकर टीवी स्टिंट्स और दूसरी जगहों पर काफी प्रमोट करती हैं।

‘फोर्ब्स बिलियनेयर्स लिस्ट’ में जगह पाने पर यह बोलीं काइली जेनर

‘फोर्ब्स बिलियनेयर्स लिस्ट’ में नाम आने पर काइली जेनर ने कहा, ‘मैंने कोई उम्मीद नहीं की थी। मैंने भविष्य भी नहीं देखा था, लेकिन अब पहचान मिलने पर अच्छा लग रहा है। ये बहुत ही शानदार बात है।’ काइली जेनर रिश्ते में अमेरिकन स्टार्स किम कार्दशियन, कोल कार्दशियन और कर्टनी कार्दशियन की बहन लगती हैं। साल 2017 में काइली ने ट्रेविस स्कॉट से शादी की। उनकी एक बेटी भी है। सोशल मीडिया खासकर इंस्टग्राम पर काफी एक्टिव रहने वालीं काइली को इस प्लेटफॉर्म पर 128 मिलियन लोग यानी करीब 13 करोड़ लोग फॉलो करते हैं। सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ काइली के बहुत बड़े फैन हैं।

दुनिया के सबसे अमीर शख्स हैं अमेजन के सीईओ जैफ बेजोस

बताते चलें कि 2153 लोगों की ‘फोर्ब्स बिलियनेयर्स लिस्ट’ में अमेजन के सीईओ जैफ बेजोस का इस बार भी पहले नंबर पर कब्जा बरकरार है। उनकी कुल संपत्ति 132 अरब डॉलर है। पिछले साल उनकी संपत्ति में 19 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। वहीं फेसबुक के संस्थापक मार्क जकरबर्ग की संपत्ति 8.7 अरब डॉलर घटकर 62.3 अरब डॉलर रह गई है। इस लिस्ट में भारतीय कारोबारी मुकेश अंबानी 13वें स्थान पर हैं। काइली जेनर को इस लिस्ट में 2057 वां स्थान मिला है। चीन की रियल स्टेट दिग्गज वू याजुन दुनिया की सबसे अमीर महिला हैं। उनकी कुल संपत्ति 9.4 अरब डॉलर है।

‘आउटलुक’ के कार्यक्रम में बॉलीवुड में भाई-भतीजावाद पर खुलकर बोलीं अभिनेत्री आलिया भट्ट, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।