महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की अफवाह पर भावुक हुईं लता मंगेशकर, बोलीं- देश को आपकी जरूरत है

वर्ल्ड कप 2019 (World Cup 2019) के सेमीफाइनल में भारत के न्यूजीलैंड से हारने के बाद खबरें हैं कि महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। इन खबरों को सुन लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) भावुक हो गईं।

लता मंगेशकर ने महेंद्र सिंह धोनी से की यह अपील। (फोटो- ट्विटर)

भारत का वर्ल्ड कप 2019 (World Cup 2019) जीतने का ख्वाब टूट चुका है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए सेमीफाइनल में कीवियों ने 18 रनों से टीम इंडिया को मात दी। भारत की हार से क्रिकेट प्रेमी सदमे में हैं। वहीं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) के फैंस भी डरे-सहमे हैं। दरअसल सेमीफाइनल में मिली हार के बाद कहा जा रहा है कि एमएस धोनी क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। ‘माही’ के संन्यास लेने की खबरों पर सोशल मीडिया एकजुट हो गया है और उनसे ऐसा ना करने की अपील कर रहा है।

बॉलीवुड की मशहूर गायिका लता मंगेशकर भी एमएस धोनी (MS Dhoni) के संन्यास लेने की अफवाहों को सुन भावुक हो गईं। उन्होंने एक ट्वीट कर धोनी से ऐसा ना करने की गुजारिश की। उन्होंने धोनी को टैग करते हुए लिखा, ‘नमस्कार एमएस धोनी जी। आजकल मैं सुन रही हूं कि आप रिटायर होना चाहते हैं। कृपया कर आप ऐसा मत सोचिए। देश को आपके खेल की जरूरत है और ये मेरी भी रिक्वेस्ट है कि रिटायरमेंट का विचार भी आप मन में मत लाइए।’

लता मंगेशकर ने ट्वीट कर महेंद्र सिंह धोनी से की यह अपील…

गौरतलब है कि वर्ल्ड कप 2019 में महेंद्र सिंह धोनी के स्ट्राइक रेट को लेकर काफी सवाल उठे हैं। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने धोनी का बचाव करते हुए कहा था कि इस खेल को बाहर से देखना हमेशा से आसान रहा है। जो लोग कहते हैं कि यह हो सकता था, वह हो सकता था, वह लोग खेल की वास्तविकता से अनजान हैं। सेमीफाइनल मुकाबले में धोनी की बैटिंग को लेकर विराट कोहली ने कहा, ‘रवींद्र जडेजा तेज खेल रहे थे और धोनी आराम से खेल रहे थे। मजबूत साझेदारी के लिए इसी संतुलन की जरूरत होती है। खराब स्थिति में जडेजा और धोनी की साझेदारी ने खेल को कांटे का बना दिया था।’

धोनी के नाम दर्ज है इंडियन क्रिकेट टीम का दिलचस्प रिकॉर्ड, फिर भी इसलिए छोड़ी कप्तानी

कैसे टीम इंडिया ने सेलिब्रेट किया महेंद्र सिंह धोनी का बर्थडे, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।