महाशिवरात्रिः बॉलीवुड में भी गूंजता है हर हर महादेव का उद्घोष, भोलेनाथ की भक्ति और महिमा से भरे हैं ये 10 गाने

बॉलीवुड के ऐसे कई गाने हैं जो भोलेनाथ की भक्ति और महिमा से भरे हैं| ये सभी सॉन्ग भगवान शिव के प्रति आपकी भक्ति और बढ़ा देंगे| इस शिवरात्रि आप भी इन गानों को अपने प्ले लिस्ट में शामिल करें और भोलेनाथ की भक्ति में डूब जाएं|

फिल्म 'केदारनाथ' में सुशांत सिंह राजपूत और' बाहुबली: द बीगनिंग' में प्रभास (फोटो: हिंदीरश)

चाहे लोहड़ी या होली इंडिया में हर त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जाता है| लेकिन इन त्योहारों को हमारे बॉलीवुड गाने और भी खास बना देते हैं| बॉलीवुड फिल्मों में आपको त्योहार को ध्यान में रखकर कई बेहतरीन गाने मिल जाएंगे| ऐसा ही कुछ है महाशिवरात्री के साथ| भक्ति से भरे इस त्योहार को भगवान शिव से जुड़े कई ऐसे बॉलीवुड गाने हैं, जो इस मौके को और भी भक्तिमय बना देते हैं| भले ये गाने खास शिवरात्रि के लिए तैयार ना किया गया हो, लेकिन इन गानों में चाहे भगवान शिव की महिमा का वर्णन हो या उनके तांडव को गाने के रुप में बताना हो, ये सभी सॉन्ग आपको भगवान शिव के प्रति और भी भक्ति बढ़ा देंगे| आज हम आपको बताते हैं बॉलीवुड के ऐसे ही 10 गाने जो भगवान शिव को समर्पित हैं|

1. जय हो शिव शंकरा
(फिल्म – केदारनाथ)
2018 में आई सुशांत सिंह राजपूत और सारा अली खान स्टारर इस फिल्म का ये गाना काफी पॉपुलर है| इस गाने में केदारनाथ की खूबसूरत वादियों को जिस तरह दिखाया गया है वो देखकर आपका मन भी भगवान शिव के इस दरबार में जाने के लिए ज़रूर करेगा| अरिजीत सिंह की आवाज से सजे इस गाने में भगवान शिव की महिमा का वर्णन किया गया है|

2. कौन है कौन है वो
(फिल्म- बाहुबली: द बीगनिंग)
2015 में आई ये फिल्म साउथ मूवी इंडस्ट्री हो या बॉलीवुड ये फिल्म हर जगह सुपर डुपर हिट रही थी और कामयाबी के झंडे गाड़े थे| लेकिन इस फिल्म के साथ ही भगवान शिव को समर्पित इसका ये गाना भी काफी पॉपुलर हुआ था| कैलाश खेर की आवाज से सजे इस गाने को इसका लाजवाब म्यूजिक इसे अध्यात्मिकता से पूरी तरह जोड़ने का काम करता है|

3. भोले ओ भोले 
(फिल्म – याराना)
1981 में आई अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘याराना’ के इस गाने को आवाज दिया है किशोर कुमार ने| राजेश रोशन की संगीत से साजे इस गाने में अमिताभ बच्चन भगवान शिव से प्रार्थना करके अपने रुठे दोस्त को मानाने की कोशिश कर रहे हैं| इतने सालों बाद भी इस गाने की मधुरता कम नहीं हुई है|

4. बोलो हर हर 
(फिल्म शिवाय)
2016 में आई अजय देवगन स्टारर फिल्म ‘शिवाय’ का ये गाना भगवान शिव के तांडव अवतार को दर्शाता है| संगीतकार मिथुन के धुन से सजे इस गाने के बोल संदीप श्रीवास्तव ने लिखे हैं| इस गाने को सुखविंदर सिंह, बादशाह, मोहित चौहान और मेघा श्रीराम डाल्टन जैसे गायकों ने अपनी आवाज दी है| ये गाना काफी पॉपुलर हुआ था| इस गाने में आपको अध्यात्मिक अनुभव होने के साथ ही इसके दमदार म्यूजिक की वजह से आपको पार्टी सॉन्ग की भी फीलिंग आएगी|

5. सत्यम शिवम सुंदरम
(फिल्म – सत्यम शिवम सुंदरम)
1978 में जीनत अमान और शशि कपूर स्टारर इस फिल्म का ये सॉन्ग आज भी काफी पसंद किया जाता है| भगवान शिव का पर्व हो और ये गाना आपको सुनने ना मिले ऐसा शायद ही हो सकता है| लक्ष्मीकांत प्यारे लाल की म्यूजिक और लता मंगेशकर की आवाज से सजे इस गाने को जिस खूबसूरती और सादगी के साथ फिल्मया गया है वो आपका यकीनन दिल जीत लेगा|

6. जय-जय शिव शंकर
(फिल्म – आपकी कसम)
1974 में आई राजेश खन्ना और मुमताज़ स्टारर फिल्म ‘आपकी कसम’ का ये गाना यकीनन यंग जेनरेशन के फेवरेट सॉन्ग में से एक होगा| आप इस गाने की पॉपुलैरिटी का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि 1974 में ये गाना रिलीज होते ही ‘बिनाका गीतामाल एन्यूअल लिस्ट’ में सेकेंड नंबर पर अपनी जगह बनाने में कामयाब रहा| इस गाने को लता मंगेशकर और किशोर कुमार ने अपनी आवाज दी थी और इसे संगीत दिया था आर.डी.बर्मन ने|

7. आते हैं कैलाश से होकर 
(फिल्म – कैलाशपति)
1962 में आई इस फिल्म के गाने को अपनी आवाज दी थी मशहूर गायक महेंद्र कपूर ने| वहीं, इसे अपनी खूबसूरत म्यूजिक से सजाया था अविनाश व्यास ने और इसके बोल लिखे थे गीतकार मदन भारती ने| इस गाने को सुनकर आप भी भगवान शिव की भक्ति में डूब जाएंगे|

8. शिवाजी सत्य है 
(फिल्म – अब तुम्हारे हवाले वतन साथियो)
2004 में आई अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार और बॉबी देओल स्टारर इस फिल्म के गाने के बोल लिखे हैं गीतकार समीर ने| इसे सोनू निगम, कुणाल गंजावाला और सुखविंदर सिंह ने अपनी आवाज दी है| इस गाने में भगवान शिव की महिमा और कृपा का वर्णन किया गया है| इसके साथ ही इस गाने से ये भी बतलाने की कोशिश की गई है कि भगवान शिव हर जगह मौजूद हैं|

9. ओ शिवजी बिहाने चले पाल्की सजायके
(फिल्म – मुनीमजी)
1955 में आई देवानंद स्टारर इस फिल्म के गीत लिखे थे शैलेंद्र सिंह ने और संगीत दिया था एस.डी.बर्मन ने| इसे अपनी खूबसूरत आवाज से सजाया था हेमंत कुमार ने| ये गाना पूरी तरह से महाशिवरात्रि के लिए ही बना है| इस गाने में शिव-पार्वती की शादी और इस उत्सव को धूमधाम से मनाने के तरीके को फिल्माया गया है|

10. जय हो जय कैलाशपति
(फिल्म – कैलाशपति)
ये गाना भी 1962 में आई फिल्म कैलाशपति का है| जैसा कि फिल्म के नाम से ही पता चलता है कि पूरी फिल्म ही भगवान शिव को समर्पित है ऐसे में इस फिल्म का शिव के गानों से भरे होना कोई आश्चर्य की बात नही है| शिव की महिमा का वर्णन करने वाले इस गाने के बोल भी मदन भारती ने लिखे थे और इसे अपनी आवाज से सजाया था मशहूर गायक महेंद्र कपूर ने|

‘सोनचिड़िया’ या ‘लुका-छिपी’ वीडियो पर क्लिक करें और जानें कौन-सी फिल्म है पैसा वसूल…

मुकेश कुमार गजेंद्र :प्रिंट, टीवी और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का समान अनुभव। सियासत, सिनेमा और समाज के बीच कुछ नया गुनने, बुनने और गढ़ने की कोशिश जारी। फिलहाल हिन्दी रश डॉट कॉम में बतौर संपादक कार्यरत।