Ratnagiri Dam Breach: महाराष्ट्र में बारिश से रत्नागिरी में बांध टूटा, 6 की मौत और 20 से ज्यादा लापता

महाराष्ट्र में बारिश का कहर टूट पड़ा है। जहां मुंबई शहर (Mumbai Rains) समंदर में तब्दील होता जा रहा है, तो वहीं रत्नागिरी में तिवरे डैम (Ratnagiri Dam Breach) गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई और करीब 20 से ज्यादा लोग लापता हो गए।

रत्नागिरी में डैम गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। (फोटो- ANI)

कुछ दिनों पहले तक महाराष्ट्र सूखे से जूझ रहा था, लेकिन कुदरत का मिजाज देखिए, अब यह सूबा पानी से त्राहिमाम कर रहा है। देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। बारिश में दीवारें गिरने और अलग-अलग हादसों की वजह से दो दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। अब रत्नागिरी में तिवरे बांध (Ratnagiri Dam Breach) टूटने से 6 लोगों की मौत और करीब 20 से ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर मिल रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, भारी बारिश की वजह से मंगलवार देर रात रत्नागिरी स्थित तिवरे डैम गिर गया। बांध टूटने की वजह से इसके आसपास बने 12 घर पानी में बह गए। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई और करीब 20 लोग लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन और एनडीआरएफ की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सभी 6 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। बताया जा रहा है कि इस दुर्घटना में मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है।

न्यूज एजेंसी ANI ने यह ट्वीट किए हैं…

प्रशासन ने तिवरे डैम गिरने के बारे में बताया कि लगातार हो रही बारिश की वजह से बांध का जलस्तर बढ़ गया था। अचानक पानी बढ़ने से बांध की दीवारें इसे नहीं झेल पाईं और डैम भरभरा कर गिर गया। डैम गिरने से आसपास के 7 गांवों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। फिलहाल प्रशासन पूरी मुस्तैदी से राहत कार्य में जुटा है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए कुछ गांवों को खाली कराया जा रहा है।

बताते चलें कि मुंबई में बुधवार और गुरुवार को भी भारी बारिश का अलर्ट है। मंगलवार शाम बारिश कुछ देर के लिए रुकी जरूर, लेकिन देर रात एक बार फिर मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। शहर के अलग-अलग इलाकों में दीवार गिरने और अन्य घटनाओं में 27 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और तीन दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। मंगलवार को सीएम देवेंद्र फडणवीस घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे थे।

मुंबई में बारिश की वजह से एयरपोर्ट पर फंस गई यह बॉलीवुड एक्ट्रेस

बारिश में फंसी जान्हवी कपूर, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।