Femina Miss India 2019: राजस्थान की सुमन राव बनीं ‘मिस इंडिया 2019’, शिवानी जाधव-श्रेया शंकर ने भी मारी बाजी

'फेमिना मिस इंडिया 2019' (Femina Miss India 2019) का ताज राजस्थान की सुमन राव (Suman Rao) से सिर सजा। प्रतियोगिता में शिवानी जाधव 'मिस ग्रांड इंडिया 2019' और श्रेया शंकर 'मिस इंडिया यूनाइटेड कॉन्टिनेंट 2019' चुनी गईं।

राजस्थान की सुमन राव ने 'फेमिना मिस इंडिया 2019' का खिताब अपने नाम किया। (फोटो- इंस्टाग्राम)

‘फेमिना मिस इंडिया 2019’ (Femina Miss India 2019) मुकाबले में राजस्थान की सुंदरी सुमन राव (Suman Rao) ‘मिस इंडिया 2019’ चुनी गईं। इस साल शिवानी जाधव ‘मिस ग्रांड इंडिया 2019’ और श्रेया शंकर ‘मिस इंडिया यूनाइटेड कॉन्टिनेंट 2019’ बनीं। 22 साल की सुमन को पिछले साल की मिस इंडिया अनुकृति वास ने ताज पहनाया। प्रतियोगिता का आयोजन मुंबई स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल इंडोर स्टेडियम में किया गया था।

यह फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता का 56वां आयोजन था। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की रहने वालीं शिनता चौहान फर्स्ट रनर-अप रहीं। तेलंगाना की संजना विज सेकेंड रनर-अप रहीं। ‘मिस इंडिया 2019’ सुमन राव चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की तैयारी कर रही हैं। सुमन सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं। वह ‘चाइल्ड हेल्प फाउंडेशन’ नामक संस्था से भी जुड़ी हैं। सुमन को बॉस्केट बॉल खेलना काफी पसंद है। इस प्रतियोगिता के लिए उन्होंने कई मैच भी खेले हैं।

सुमन राव (Suman Rao Femina Miss India 2019) इस साल 7 दिसंबर को थाइलैंड में होने वाली ‘मिस वर्ल्ड 2019’ प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। ‘फेमिना मिस इंडिया 2019’ प्रतियोगिता को पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर और एक्टर मनीष पॉल होस्ट कर रहे थे। फिल्ममेकर करण जौहर, विक्की कौशल, मौनी रॉय, कैटरीना कैफ, नोरा फतेही, हुमा कुरैशी, दिया मिर्जा, आयुष शर्मा, रेमो डिसूजा और फुटबॉलर सुनील क्षेत्री इस इवेंट के खास मेहमान थे।

कैटरीना कैफ, मौनी रॉय, नोरा फतेही और विक्की कौशल ने स्टेज पर अपनी-अपनी परफॉर्मेंस से सबका दिल जीत लिया। कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा, एक्ट्रेस दिया मिर्जा और नेहा धूपिया इस प्रतियोगिता के जज थे। इस साल प्रतियोगिता में 29 राज्यों की सुंदरियों ने हिस्सा लिया था। सुमन राव ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने परिवार और दोस्तों को दिया है। फिलहाल अब उनका पूरा फोकस ‘मिस वर्ल्ड 2019’ प्रतियोगिता पर है।

देखिए मिस इंडिया 2019′ से जुड़े एक इवेंट की तस्वीरें…

देखिए ‘फेमिना मिस इंडिया 2019’ इवेंट का वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।