टिक टॉक चैलेंज हुआ जानलेवा, 12 साल के लड़के ने मंगलसूत्र-चूड़ियां पहन बाथरूम में फांसी लगाकर दी जान

राजस्थान में एक 12 साल के लड़के ने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार का आरोप है कि 'टिक टॉक' चैलेंज (Tik Tok Challenge) की वजह से उनके मासूम बेटे ने खुदकुशी की है।

'टिक टॉक' चैलेंज की वजह से 12 साल के लड़के ने लगाई फांसी! (फोटो- ट्विटर)

वीडियो मेकिंग ऐप ‘टिक टॉक’ (Tik Tok) भारत ही नहीं बल्कि कई देशों में काफी ज्यादा पॉप्युलर है। आंकड़ों के अनुसार, भारत में काफी तेजी से इस ऐप के यूजर्स बढ़ रहे हैं। तमाम सेलेब्स भी इस पर ऐप पर मौजूद हैं। यह ऐप जैसे-जैसे लोगों को फेमस कर रही है, उसी तरह इसके काफी नुकसान भी सामने आ रहे हैं। क्या आपने कभी सोचा है कि ‘टिक टॉक’ (Tik Tok Challenge) पर दिया जा रहा चैलेंज जानलेवा भी हो सकता है, राजस्थान में इसी से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।

घटना राजस्थान के कोटा की है। यहां एक 12 साल के लड़के ने कथित तौर पर घर के बाथरूम में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। लड़के ने चैलेंज पूरा करने से पहले मंगलसूत्र और चूड़ियां पहनीं और फिर एक मेटल चेन से फांसी लगाकर जान दे दी। लड़के के पिता ने बताया कि घटना देर रात की है। उनका बेटा रात-रातभर ‘टिक टॉक’ ऐप का इस्तेमाल करता था।

सुबह को जब परिवार के लोग लड़के के कमरे में दाखिल हुए तो वह वहां नहीं था। जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। थोड़ी देर बाद बाथरूम के अंदर का मंजर देख परिजनों के होश उड़ गए। सीलिंग फैन के सहारे उसकी लाश लटक रही थी। लड़के के पिता ने बताया कि जैसा टिक टॉक चैलेंज में दिया गया था उसने वैसे ही जान दी थी। उसने मंगलसूत्र और चूड़ियां पहनी हुई थीं।

एसएसआई भरत सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिवार के लोग लड़के को फौरन निजी अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लाश का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के असल कारणों का पता चलेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों और मृतक के दोस्तों से पूछताछ कर पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसे यह चैलेंज आखिर किसने दिया था।

‘टिक टॉक’ ऐप पर धमाल मचा रही है ये महिला, सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे वीडियो

देखिए रिवरबैंक जू का वायरल वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।