पूर्व मिस इंडिया उशोषी सेनगुप्ता से बदसलूकी और ड्राइवर से मारपीट मामले में 7 अरेस्ट, ये है पूरा मामला

कोलकाता में मंगलवार रात पूर्व मिस इंडिया यूनिवर्स और मॉडल उशोषी सेनगुप्ता (Ushoshi Sengupta) से बदसलूकी और उनके ड्राइवर से मारपीट हुई थी। पुलिस ने इस केस में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

उशोषी सेनगुप्ता ने फेसबुक पर घटना का वीडियो पोस्ट किया था। (फोटो- फेसबुक)

कोलकाता में पूर्व मिस इंडिया यूनिवर्स और मॉडल उशोषी सेनगुप्ता (Ushoshi Sengupta) के साथ बदसलूकी और उनके ड्राइवर से मारपीट मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उशोषी ने इस पूरी घटना के बारे में फेसबुक पर लिखा था। उन्होंने घटना के दौरान का एक वीडियो भी शेयर किया था। जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ा और पुलिस ने हरकत में आते हुए 7 आरोपियों को धर दबोचा। अन्य आरोपियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।

उशोषी सेनगुप्ता ने घटना का जिक्र करते हुए फेसबुक पर लिखा था, ’18 जून की रात करीब 11: 40 बजे मैंने अपना काम खत्म करने के बाद घर जाने के लिए एक होटल से उबर कैब बुक की। मेरे साथ मेरी सहकर्मी भी थी। कुछ दूर चलते ही कुछ बाइक सवार लड़कों (बिना हेलमेट) ने कार में टक्कर मार दी। उन्होंने बाइक रोकी और ड्राइवर पर चिल्लाने लगे। कुछ ही देर में वहां पर करीब 15 लड़के पहुंच गए। सभी कार के शीशों पर हाथ मारने लगे और ड्राइवर को बाहर खींचने लगे।’

पुलिस गिरफ्त में आरोपी…

उशोषी ने आगे लिखा, ‘उन्होंने ड्राइवर को बाहर निकाला और पीटने लगे। मैं बाहर निकली और चिल्लाते हुए उनका वीडियो बनाने लगी। मैं भागकर मैदान पुलिस स्टेशन के पास गई और एक अफसर से अपने साथ चलने की गुहार लगाई। उसने मुझसे कहा कि वो एरिया उसके अंडर नहीं बल्कि भवानीपुर पुलिस स्टेशन के अंडर आता है। मैं हैरान थी। मैंने पुलिस अफसर से कहा कि वो लड़के ड्राइवर को मार डालेंगे। जिसके बाद वो मेरे साथ आए और लड़के उन्हें धक्का देकर वहां से भाग गए।’

उन्होंने आगे लिखा, ‘मैं हैरान थी कि वो लड़के हमारा पीछा कर रहे थे। वो मेरी कलीग के घर तक आए और उन्होंने हमारी कार रोकी, उसपर पत्थर फेंके। उन्होंने मुझे बाहर खींचा और मेरा फोन तोड़ने की कोशिश करने लगे ताकि वीडियो डिलीट हो जाए। मैं चिल्लाई और लोगों के बाहर आने पर वो लड़के भाग गए। मैंने अपने पिता और बहन को वहां बुलाया। पुलिस वालों ने काफी मशक्कत के बाद मेरी शिकायत दर्ज की, लेकिन पीड़ित ड्राइवर की नहीं।’ उशोषी ने इस घटना के बारे में बताते हुए कोलकाता पुलिस को टैग किया।

पुलिस ने वीडियो की मदद से 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों से वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। बताते चलें कि उशोषी सेनगुप्ता साल 2010 में मिस इंडिया चुनी गई थीं। उन्होंने उसी साल मिस यूनिवर्स 2010 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

उशोषी सेनगुप्ता ने फेसबुक पर शेयर की थी आपबीती…

जानिए टीवी एक्टर अभिमन्यु चौधरी को पुलिस ने क्यों गिरफ्तार किया था?

टीवी एक्टर करण ओबेरॉय पर महिला ने लगाया रेप और जबरन वसूली का आरोप, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।