World of Dance: भारतीय डांस ग्रुप द किंग्स ने जीता अमेरिकन रियलिटी शो, इनाम में मिले इतने करोड़ रुपये

भारतीय डांस ग्रुप 'द किंग्स' ने अमेरिकन रियलिटी शो 'वर्ल्ड ऑफ डांस' (World of Dance) का पुरस्कार अपने नाम किया। 'द किंग्स' को इनाम के तौर पर 1 मिलियन डॉलर पुरस्कार राशि मिली है।

भारतीय डांस ग्रुप 'द किंग्स' को इनाम में 1 मिलियन डॉलर मिले हैं। (फोटो- वीडियो ग्रैब)

भारतीय डांस ग्रुप ‘द किंग्स’ ने विदेशी धरती पर देश का नाम ऊंचा कर दिखाया। ‘द किंग्स’ ने अमेरिकन रियलिटी शो ‘वर्ल्ड ऑफ डांस’ (World of Dance) जीत लिया है। इनाम में उन्हें 1 मिलियन डॉलर यानी करीब 7 करोड़ रुपये मिले। बीती 5 मई को शो का फिनाले रखा गया था। शो जीतने के बाद ग्रुप को देशभर से बधाइयां मिल रही हैं।

‘द किंग्स’ (The Kings) के अलावा कनाडियन डांसर्स ब्रायर नोलेट, बहनें एली और ईवा, फिलीपीन्स का हिप-हॉप डांस ग्रुंप वीपीप्ज और लॉस एंजेल्स से यूनिटी (सदन कैलिफोर्निया का 10 सदस्यीय डांस ग्रुप) फिनाले में थे। ‘वर्ल्ड ऑफ डांस’ रियलिटी शो इसी साल 26 फरवरी से शुरू हुआ था। एनबीसी पर इस शो का प्रसारण किया जा रहा था.

‘द किंग्स’ डांस ग्रुप ने अपनी परफॉर्मेंस से शो के जज डेरेक हौघ, नेयो और जेनिफर लोपेज को काफी प्रभावित किया और फिनाले में जीत को अपने नाम किया। मुंबई के ‘द किंग्स’ डांस ग्रुप में 14 सदस्य हैं, जिनकी उम्र 17 से 27 साल के बीच है। यह ग्रुप बॉलीवुड हिप-हॉप डांस (Bollywood Hip-Hop Dance) में माहिर है। साल 2008 में उन्होंने अपना सफर शुरू किया था।

शायद आप यह बात नहीं जानते होंगे कि यही ग्रुप रियलिटी शो ‘इंडियाज़ गॉट टैलेंट’ (India’s Got Talent) के तीसरे सीजन का विनर था। साल 2015 में वर्ल्ड हिप-हॉप डांस चैंपियनशिप में ‘द किंग्स’ तीसरे स्थान पर थे। बताया जा रहा है कि बुधवार को यह ग्रुप देश वापस लौटेगा। मुंबई के स्थानीय डांसिंग ग्रुप्स विजेताओं के स्वागत की तैयारियां कर रहे हैं।

Exclusive: Student Of The Year 2 के प्रमोशन में व्हील चेयर से पहुंचे टाइगर श्रॉफ, बताया कैसे लगी चोट

देखिए ‘द किंग्स’ का फिनाले परफॉर्मेंस…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।