गल्ली बॉय के प्रमोशन के लिए कपिल शर्मा के शो में पहुंचे रणवीर सिंह-आलिया भट्ट, जमकर की मस्ती, देखें वीडियो

रणवीर सिंह और आलिया भट्ट इस हफ्ते कॉमेडियन कपिल शर्मा के शो में अपनी फिल्म 'गल्ली बॉय' का प्रमोशन करते हुए नजर आएंगे। कपिल शर्मा ने इसका एक वीडियो शेयर किया है।

इस हफ्ते कपिल शर्मा के शो में 'गल्ली बॉय' का प्रमोशन करने रणवीर सिंह और आलिया भट्ट आएंगे। (फोटो- वीडियो ग्रैब)

रणवीर सिंह और आलिया भट्ट इस समय अपनी फिल्म ‘गल्ली बॉय’ के प्रमोशन में काफी व्यस्त हैं। छोटे पर्दे के कई रियलिटी शोज़ में रणवीर और आलिया फिल्म के प्रमोशन के लिए पहुंच रहे हैं। हाल ही में दोनों ‘सुपर डांसर- चैप्टर 3’ शो में पहुंचे थे। यहां उन्होंने शो के जजों और कंटेस्टेंट्स के साथ जमकर मस्ती की। इस हफ्ते रणवीर और आलिया की जोड़ी आपको कॉमेडियन कपिल शर्मा के शो ‘द कपिल शर्मा शो’ में दिखेगी। कपिल ने अपने यूट्यूब चैनल पर रणवीर और आलिया संग करीब 3 मिनट का एक वीडियो शेयर किया है।

रणवीर सिंह और आलिया भट्ट ने मंगलवार को कपिल शर्मा के शो के इस एपिसोड की शूटिंग की। शूटिंग के दौरान कपिल, आलिया और रणवीर एक दूसरे की टांग खींचते नजर आए। वहां मौजूद दर्शकों ने भी इसका खूब लुत्फ लिया। सोनी चैनल पर इस शनिवार और रविवार को यह एपिसोड दिखाया जाएगा। कपिल ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें रणवीर सिंह फोन पर किसी को फ्लाइंग किस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। दरअसल रणवीर अपनी पत्नी दीपिका पादुकोण के साथ वीडियो कॉल पर थे। जब कपिल ने रणवीर को छेड़ा तो जल्दबाजी में रणवीर ने दीपिका को फ्लाइंग किस करते हुए फोन रख दिया।

देखिए कपिल शर्मा का वीडियो…

बताते चलें कि गल्ली बॉय फिल्म 14 फरवरी को रिलीज हो रही है। फिल्म का निर्देशन जोया अख्तर ने किया है। उनके भाई फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी फिल्म के निर्माता हैं। यह फिल्म एक ऐसे लड़के की कहानी पर आधारित है जो रैपर बनना चाहता है क्योंकि उसे लगता है कि भगवान ने उसे सिर्फ एक यही गुण दिया है। परिवार, समाज से लड़ाई और अपने सपनों को पूरा करने का जुनून लिए वह लड़का कैसे सफलता की ओर आगे बढ़ता है, इसके लिए आपको यह फिल्म देखनी होगी। बताया जा रहा है कि यह फिल्म मुंबई के फेमस रैपर्स डिवाइन और नेजी के जीवन पर आधारित है। डिवाइन, नेजी के अलावा कई स्ट्रीट रैपर्स ने फिल्म के लिए रैप सॉन्ग गाए हैं।

देखिए कपिल शर्मा की तस्वीरें और वीडियो…

देखिए यह वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।