शाहरुख खान को बॉलीवुड का किंग बनाने के पीछे था इस शख्स का हाथ, लेकिन कभी नहीं लिया इसका क्रेडिट

बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान को टीवी इंडस्ट्री में ब्रेक देने वाले डायरेक्टर कर्नल राज कुमार कपूर का निधन हो गया। शाहरुख ने उनके टीवी सीरियल 'फौजी' से छोटे पर्दे पर डेब्यू किया था।

कर्नल राज कुमार कपूर ने ही शाहरुख खान को टीवी इंडस्ट्री में ब्रेक दिया था। (फोटो- फेसबुक)

शाहरुख खान को टीवी इंडस्ट्री में ब्रेक देने वाले निर्देशक कर्नल राज कुमार कपूर इस दुनिया में नहीं रहे। बुधवार रात 87 साल की उम्र में उन्होंने दिल्ली के अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनकी बेटी ऋतंभरा ने पिता के निधन की पुष्टि की। कर्नल कपूर के निधन की खबर मिलते ही फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर कई फिल्मी हस्तियों ने दुख जताया। गुरुवार को दिल्ली में ही उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके हिट सीरियल ‘फौजी’ से ही शाहरुख खान ने टीवी इंडस्ट्री में डेब्यू किया था।

कर्नल राज कुमार कपूर की बेटी ऋतंभरा ने फेसबुक पर इसकी सूचना देते हुए लिखा, ‘बुधवार रात 10.10 बजे मेरे पिता का निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्पताल में थे। उनका स्वास्थ्य ठीक था, लेकिन अचानक उनकी मौत हो गई। वो शांति से इस दुनिया से विदा हो गए।’ भारतीय सेना से रिटायर होने के बाद वह ओशो के शिष्य बन गए थे। कर्नल राज कुमार कपूर की फिल्म इंडस्ट्री में भी काफी रुचि थी। इसी लगाव के चलते उन्होंने मुंबई का रुख किया और ‘फौजी’ सीरियल का निर्देशन किया।

राज कुमार कपूर को एक्टिंग का भी काफी शौक था

कर्नल कपूर को एक्टिंग का खूब शौक था। उन्होंने कई विज्ञापनों में भी काम किया था। वह अच्छे लेखक भी थे। कुछ साल पहले उन्होंने एक किताब लिखी थी, जिसका नाम ‘व्हेन शिवा स्माइल्स’ था। शाहरुख खान आज जिस मुकाम पर है, उन्हें वहां तक पहुंचाने का श्रेय कर्नल कपूर को ही दिया जाता था, हालांकि वह इस बात से इत्तेफाक नहीं रखते थे। समर खान की किताब ‘एसआरके- 25 ईयर्स ऑफ अ लाइफ’ में उन्होंने शाहरुख को किंग खान बनाने के बारे में अपनी राय साझा की थी।

राज कुमार कपूर ने किताब में लिखी थी दिल की बात

उन्होंने लिखा था, ‘मैं एक अभिनेता-निर्देशक रहा हूं। मैंने 3 जंग लड़ी हैं, लेकिन हर कोई मुझे उस पहचान के साथ जानता है जिसने 20 साल पहले शाहरुख खान को टीवी इंडस्ट्री में ब्रेक दिया था। मुझे लगता है कि लोग मुझे उस चीज के लिए क्रेडिट देते हैं, जो मैंने कभी की ही नहीं है। शाहरुख के माता-पिता ने उन्हें बनाया है, मैंने नहीं। मैंने उन्हें कोई सुपरस्टार नहीं बनाया। मैंने तो सिर्फ एक रोल के लिए सही कलाकार (शाहरुख खान) का चयन किया था। फौजी से पहले और बाद में शाहरुख की जिंदगी में जो कुछ भी हुआ, उससे मेरा कोई लेना-देना नहीं है।’

‘फौजी’ सीरियल में शाहरुख खान बने थे अभिमन्यु

बताते चलें कि शाहरुख खान ने ‘फौजी’ सीरियल में अभिमन्यु नाम के युवक का किरदार अदा किया था। यह सीरियल सेना के कमांडो पर आधारित था। शाहरुख खान को आर्मी ट्रेनिंग स्‍कूल में ट्रेनिंग लेते हुए दिखाया गया था। इस सीरियल के बाद शाहरुख ने मशहूर सीरियल ‘सर्कस’ में भी काम किया था। इन सीरियल्स की बदौलत ही वह बॉलीवुड फिल्ममेकर्स की नजर में आए थे और साल 1992 में उन्होंने दिव्या भारती की फिल्म ‘दीवाना’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म का निर्देशन राज कंवर ने किया था। यह फिल्म उस साल की सुपरहिट फिल्मों में से एक थी। जिसके बाद शाहरुख ने फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

शाहरुख खान ने सुनाई गरीबी भरे बचपन की दास्तां, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।