Shweta Tiwari B’Day: हिंदी सहित इन भाषाओं की फिल्मों में कर चुकी हैं काम, जानिए श्वेता तिवारी की अनसुनी बातें

'कसौटी जिंदगी की' सीरियल से मशहूर हुईं एक्ट्रेस श्वेता तिवारी (Shweta Tiwari Birthday) का आज जन्मदिन है। श्वेता छोटे पर्दे पर ही नहीं बल्कि हिंदी, भोजपुरी, पंजाबी और मराठी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।

श्वेता तिवारी। (फोटो- इंस्टाग्राम)

‘कसौटी जिंदगी की’ सीरियल की प्रेरणा शर्मा यानी श्वेता तिवारी (Shweta Tiwari Birthday) आज अपना 39वां जन्मदिन मना रही हैं। श्वेता का जन्म 4 अक्टूबर, 1980 को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में हुआ था। अभिनेत्री ने छोटे पर्दे से निकलकर बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है। इतना ही नहीं, वह भोजपुरी, पंजाबी और मराठी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।

श्वेता तिवारी के फर्श से अर्श तक का सफर इतना आसान नहीं रहा है। उनकी कामयाबी के पीछे संघर्ष की लंबी कामयाबी है। ‘कसौटी जिंदगी की’ सीरियल से सुर्खियों में आने के बाद अभिनेत्री ने अदालत, जाने क्या बात हुई, परवरिश- कुछ खट्टी कुछ मीठी, सजन रे झूठ मत बोलो, बेगूसराय सहित कई मशहूर सीरियल्स में काम किया है। अपनी अदाकारी के लिए वह कई अवॉर्ड्स अपने नाम कर चुकी हैं।

1998 में राजा चौधरी से की थी शादी

श्वेता तिवारी ने साल 1998 में भोजपुरी एक्टर राजा चौधरी से शादी की थी। श्वेता और राजा की एक बेटी है, जिसका नाम पलक है। दंपति की शादी ज्यादा लंबे समय तक नहीं चली। दोनों ने आपसी सहमति से साल 2007 में तलाक ले लिया। उस समय राजा चौधरी पर पत्नी से मारपीट के भी आरोप लगे थे। पति से तलाक के बाद श्वेता काफी लंबे समय तक अकेली रहीं।

अभिनव शुक्ला से की दूसरी शादी

टीवी सीरियल्स में काम के दौरान श्वेता तिवारी की एक्टर अभिनव शुक्ला से नजदीकियां बढ़ीं और तीन साल तक एक दूसरे को डेट करने के बाद 2013 में उन्होंने शादी कर ली। श्वेता और अभिनव का एक बेटा है, जिसका नाम रेयांश है। श्वेता तिवारी छोटे पर्दे के सबसे विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के चौथे सीजन की विनर रह चुकी हैं। श्वेता और अभिनव ने डांस रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा’ में भी हिस्सा लिया था। हाल ही में श्वेता ने पति पर बेटी पलक तिवारी से बदसलूकी का आरोप लगाया था। पुलिस ने अभिनव के खिलाफ केस दर्ज किया था।

घरेलू हिंसा ही नहीं इन विवादों के चलते भी सुर्खियों में रहीं श्वेता तिवारी, मनोज तिवारी संग जुड़ चुका है नाम

घरेलू हिंंसा का शिकार हुईं श्वेता तिवारी, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।